ये जहाज़ और जहाज़ वाले ऐसे उड़ते क्यों हैं ?

कोलकाता एयरपोर्ट का अनाउसमेंट सिस्टम ख़राब है । आवाज़ चीख़ती है । जैसे जहाज़ में विलंब ग्राहक की वजह से हो गया हो । उसके तुरंत बाद रबींद्र संगीत दूसरे स्केल में ले जाता है । कोई सुन नहीं रहा पर बजा जा रहा है । लोगों ने अपने कानों में ईयरपीस ठूंस लिये हैं । कुछ के कान पर फ़ोन चिपके हैं । कोई बता नहीं रहा है कि रवींद्र संगीत का कौन सा धुन है और क्यों सुनना चाहिए । बस बजा जा रहा है । यह मानकर कि हम सब इस मामले में विशारद हैं । अब नई डिग्री आ रही है । बर्कलेट(शायद) । बकलोल के समानार्थक है । 

इसी बीच एक जहाज़ हुआं हुआं करता हुआ भरभराने लगता है और हां़य हां़य करता हुआ बादलों में घुस जाता है । बिना परवाह किये कि मोहल्ले के लौंडों की तरह एक्सलेटर मार कर स्कूटर चलाने की तरह हवाई जहाज़ उड़ाने से मेरे जैसों का कलेजा थोड़ा सिकुड़ जाता है । जहाज़ों ने चिड़ियों से उड़ना तो सीख लिया मगर उनकी तरह उड़ना नहीं आया । बताइये हम जैसे यात्री कबूतर की तरह दुबक जाते हैं । 

लोग हैं कि पोलिथिन में मिठाई का डिब्बा लिये हिलते डुलते चले आ रहे हैं । कई लोगों ने आम का काटन कसवा लिया है । जी भूरे वाले गत्ते के बक्से को काटन कहते हैं । एक हम थे जो कार्टून कहते थे । बल्कि कई लोग कार्टून कहते थे । जवानी के दिनों में कुछ दोस्त जो खुुद लड़कियों से सीख कर आये थे मुझ पर हँसने लगे । कार्टून नहीं रे बे काटन । तो लोगों ने आम कसवा लिये हैं । हम सब को गराज का माल खाने की आदत है । जिन शहरों को रोज़गार की ख़ातिर छोड़ दिया उनके गराज के माल के लिए तरसते रहते हैं । 

सारी टाइल्स यही लग गई है । जल्दी ही एयरपोर्ट के लिए नया जूता आएगा । जो टाइल्स फ्रैंडली हो । आजकल अधेड़ उम्र के लोग शाट्स खूब पहनने लगे हैं । लास्ट टाइम में कूल होने के लिए । लुंगी में क्या प्राब्लम है । बड़ा ही आयातीत लगता है । भारतीय परिधान वाले यहाँ ऐसे लगते हैं जैसे ट्रेन छूट जाने के बाद लास्ट मिनट में फ़र्स्ट एंड लास्ट टाइम के लिए आ गए हों । हज जाने वाले अलग ही ताव में रहते हैं । पूरा मोहल्ला टाटा सूमो में  लाद लाते हैं । बड़ा मौका तो होता है पर दूर से ही लग जाता है कि हैं भाई हज का बुलावा आया है । 

लैपटाप ऐसे खोल के बैठे हैं सब जैसे सारा काम निपटा आये हैं बस एक दो रह गया है । सारे एक्ज़ीक्यूटिव एयरपोर्ट पर काफी काम करते हुए दिखते हैं । मुझे गर्दन में सोने का मोटा चेन पहनने वाले पसंद आते हैं । लगता है कि इसी के लिए कमा रहा है । एयरपोर्ट लगता ही नहीं है कि इंडिया में है । सब यहाँ विदेशी फ़ील करते हुए चले जा रहे हैं । बाप रे कोई इसको मना करेगा । कैसे बोल रही है । मार दिया आज इसने । कान पे कटारी चला दी है । 


पुनश्च- दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ लोग हेल्प हेल्प कहते मिले । उनकी जेब पर पेड पोर्टर लिखा था । यानी एयरपोर्ट पर क़ुली यानी भार वाहक । पहले कभी नोटिस नहीं किया था । चलता भी तो साल में दो बार हूँ ।

श्रीनी तुम इस्तीफ़ा दो, कोई तुम्हारे साथ नहीं है

प्यारे श्रीनी,

लगता है मेरा सपोर्ट तुम्हारे काम नहीं आएगा । जो लोग तुम्हें बचा रहे थे वो अब गुर्राने लगे हैं वर्ना वे नहीं बच पायेंगे । जिन जिन दलों के बंदों को तुमने जुटा रखा था उनके आकाओं ने उनका खाका खींचने का मन बना लिया है । अब उनमें इस बात की होड़ मचेगी कि उनके कहने के बाद ही तुम्हारा इस्तीफ़ा संभव हो सका । ये तमाशा देखना है तुम्हें । तुमको सेट असाइड हो जाना था । स्टेप डाउन से तो वही अच्छा था । इस्तीफ़ा टाइप करते वक्त कोई मोरल और इमोशनल स्टैंड ले लेना । इस्तीफ़ा नार्मल है । 

अत: तुम रात-बिरात इस्तीफ़ा देकर छाता लेकर घनी बारिश में कही निकल जाओ । ये क्लब-कमेटी की पोलिटिक्स में ऐसा हो जाता है । समय ख़राब है ।  दुनिया अपने दामादों को बचाकर तुम्हारे दामाद को पीछे पड़ी है । बीसीसीआई तुम्हारे बाद इतना नैतिक और क्लीन हो जाएगी कि तुम दूर से ही देखकर दुख भरी साँस लोगे । अभी तक हिन्दी साहित्य में सुख भरी साँस थी लेकिन मैंने तुम्हारे लिए दुख भरी साँस लाँच किया है । अब तुम्हारी औकात हमेशा के लिए कम हो जाएगी । तुम सीमेंट बेचने ही लायक थे । वही बेचना । इंडिया में मकान बनाना और रन बनाना ये लाँग टर्म सपना है । चलेगा । थोड़ी रेत मिलाकर अपना घाटा पूरा कर लेना । 

आगे से एक बात का ध्यान रखना । बीसीसीआई में एमपी मत रखना । इनकी बहुत ज़्यादा वो नहीं होती है । वो बोले तो औकात । पार्टी अध्यक्ष को ही मेंबर बनाना । सांसदों को अध्यक्षों के हिसाब से चलना पड़ता है । वे जिस क्लब से होते हुए तुम्हारे क्लब में आते हैं उनके बाॅस की ज़्यादा चलती है । वर्ना वहाँ से बाहर हुए तो ज़ाहिर है तुम भी उन्हें नहीं रखोगे । 

टीवी मत देखना । तुम्हें बुरा लगेगा कि वहाँ इस्तीफे की घड़ी चल रही होगी । अब तुम्हें देना ही होगा । मुझे बहुत दुख है । तुम्हारे जाते ही सारे अनैतिक नैतिक हो जायेंगे । अपना प्लेन है न । ठीक है । एयरपोर्ट पर ज़्यादा प्रोब्लम नहीं होगी तब । 

दे दो जो तुम नहीं दे रहे थे । ये इस्तीफ़ा क्या चीज़ है तुम क्रिकेट से कुछ भी कमा सकते हो तो क्रिकेट के लिए कुछ कर भी सकते हो । साबित कर दो । कुछ ख़ुलासा तुभी कर दो । डरो मत । बक दो । शुक्ला जी और जेटली जी को छोड़ कर । इनसे बिगाड़ मत करना । चुनाव का टाइम है । बाद में दोनों में से कोई एक काम आ सकता है । बाक़ी की चिन्ता मत करो । उनको तो बीट रिपोर्टर ही निपटा देगा । 

श्रीनी तुम इस्तीफ़ा दो, कोई तुम्हारे साथ नहीं है । 

ये नया नारा है । 

तुम्हारे लिए । 

तुम्हारा एक प्रशंसक

रवीश कुमार 

तेंदुलकर ने बोला है भाई !

सचिन तेंदुलकर ने स्पाट फ़िक्सिंग पर बड़ी बात कह दी है । बहुत बड़ी बात । तभी मुझे लगा कि वे इतना टाइम क्यों ले रहे हैं । इस बड़ी बात को कहने के लिए उन्होंने क्लब से लेकर रणजी क्रिकेट प्लेयर का आह्वान किया है । आज के हिन्दुस्तान टाइम्स में राजदीप सरदेसाई का लेख पढ़ने के बाद(शायद) उनका यह बयान आया है । है तो तेंदुलकर का मगर अकेले तेंदुलकर नहीं हैं उस बयान में ा वैसे इस बयान में तेंदुलकर ने सभी क्रिकेटप्रेमियों की तरफ़ से बीसीसीआई में विश्वास जता दिया है । लो जी । सचिन अपने बयान के मुताबिक सिर्फ निराश और हताश हैं वैसे आईपीएल के फ़ाइनल में वे हताश बिल्कुल नहीं लग रहे थे । काफी गदगद थे । उसके बाद कोलकाता में उन्होंने टाइम्स ग्रुप की कोई पत्रिका भी लाँच की । उस आयोजन की छपी तस्वीरों में भी तेंदुलकर आहत नज़र नहीं आ रहे हैं । और माँगों इन बड़े खिलाड़ियों से बयान । मिल गया न । शोक संदेश वाला ।  एक शून्य, गहरा दुख और अपूरणीय क्षति टाइप । 

जब से राजीव शुक्ला को पेपरानुसार राहुल गांधी से कुछ पड़ी है तब से कांग्रेस के नेता श्रीनिवासन से इस्तीफ़ा मांग रहे हैं । राजीव शुक्ला की नक़ल में अनुराग ठाकुर भी बीसीसीआई की छवि को लेकर चिंतित हो गए हैं और आपात बैठक की मांग कर रहे हैं । अनुराग ठाकुर का भी विज़ुअल निकालो कोलकात फ़ाइनल का । कैसे राजीव शुक्ला के साथ बैठ कर कैसे खिलखिला रहे थे । क्या बढ़िया टीवी इवेंट बनेगा । वही लाल घेरा लगाकर तीर तीर वाला । 

नौटंकी है सब । आप भी कल काम छोड़ क्रिकेट देखेंगे । कोई आहत वाहत न है सर । अब एक से एक पकाऊ थकाऊ बयान झोलिये । 

आदम का आइफोन संस्करण

आइफोन आदम है । बाक़ी के फ़ोन उसकी संतानें । सब उसकी तरह दिखने लगे हैं । सारे ब्रांड के फ़ोन लंबे दुबले और चौड़े हो रहे हैं । बाज़ार में हर फ़ोन पतले हैं । आदमी मोटू है । तोंद बालकनी की तरह किनारे से लटके रहते हैं । पतला होना उसका सेल्फ़ है और स्मार्ट फ़ोन उसी सेल्फ़ का विस्तार । सब फ़ोन पर उँगलियाँ ऐसे रगड़ रहे हैं जैसे कोई माचिस की तीली सीमेंट की चिकनी सतह पर रगड़ रहा हो । 

विचित्र प्रकार से तमाम फ़ोनों का आइफोनीकरण हो रहा है । जैसे सारे चैनल एक से लगते हैं । उनका विवादीकरण हो गया है । हर तरफ डिबेट ही डिबेट । सारे शहर एक से लगते हैं । उनका अपार्टमेंटीकरण हो रहा है । आइफोन इसी प्रक्रिया की अभिव्यक्ति है । सारे शहर में गुमटियां एक सी हैं । वे भी छोटे माॅल की तरह लगते हैं । एयरपोर्ट एक से लगने लगे हैं । उनका सौंदर्यीकरण हो गया है । हर एयरपोर्र्ट में मामूली अंतरों के साथ चमकते टाइल्स के समंदर जगमगाते रहते हैं । 

सारे दल एक से लगने लगे हैं । उनका एकीकरण हो गया है । अलग नाम और नेता लेकर एक ही तरह का आचरण कर रहे हैं । शुक्ला जी और जैटली जी एक हैं । हर घर में ब्रेड अंडा नाश्ते में खाया जाने लगा है । इसी क्रम में फ़ेसबुक पर एक कमेंट के लाखों लाइक्स मिल रहे हैं । हमारी पसंद एक सी होती जा रही है । हम एक ही तरह से जंगली होते जा रहे हैं । एक ही तरह की पतलून और कमीज़ पहनने लगे हैं । अपने अपने 'एक' से तंग आने का समय आ रहा है । स्मार्ट फ़ोन ही ब्रांड है तो नोकिया ब्लैक बेरी और आइफोन का क्या काम ।

एक और विज्ञापन आने लगा है । एक आदमी सोफ़े पर बैठ कर उँगलियाँ भांज रहा है । छूमंतर टाइप और सोफ़े के सामने रखे टीवी में चैनल बदलने लगते हैं । अभी तो टच का ज़माना है बाद में बिना टच किये ब्राह्मणवादी तरीके से टीवी फ़ोन का कर्मकांड किया जाने लगेगा । हम सब पहले से कहीं ज़्यादा एक हैं । 

नगरी नगरी दुकाने दुकाने



कोई चालीस साल से यह दुकान कोलकाता के लेक गार्डन में क़ायम है । दुकानदार के दिवंगत संस्थापक  नेता जी को दिल से पसंद करते थे । इसीलिए मिठाई की दुकान का नाम नेताजी के नाम पर रख दिया । दुकानदार मे बताया कि एक संदेश भी है जिस पर बांग्ला में नेताजी लिखा है । मिठाई की डिब्बा पर भी । हमने देश भर में चौराहों पर उँगली ताने नेताजी की अनेक मूर्तियाँ देखी है पर उनके नाम पर मुँह मीठा करने का यह आइडिया पसंद आया है । 






इस दुकान का नाम गासिप फ़ास्ट फुट क्यों हैं आप समझ सकते हैं । फ़ेसबुक और ट्वीटर काल में गासिप फ़ास्ट फुड की तरह है बल्कि गासिप का इस्तमाल हम फ़ास्ट फ़ूड की तरह ही करते हैं । भोजपुरी में गासिप के लिए एक शानदार शब्द है- कचुराई । 


इस दुकान में घटते या कहें तो डूबते हुए से इस सज्जन को देख हैरान होता रहा । कैसे और किस साधना के तहत ये अपना दिन काट रहे हैं । इनी दुकान में सिर्फ एक बेंच है जिस पर ये खुद ही बैठे रहते हैं । बाबा लोकनाथ की तस्वीर है । यूँ ही स्थिर मुद्रा में ग्राहकों का इंतज़ार करते रहते हैं । ऐसी गुमटियां आज के आईफ़ोन के ऐप्स की तरह लगती हैं । ये सिर्फ आर्डर लेते हैं और सीमेंट और ईंट की सप्लाई करते हैं । आप एक दिन इस तरह से स्थितप्रज्ञ बैठ कर दिखा दें तो मानूँ । 


इस तरह से सुबह सुबह ख़रीदारी करते लोगों को देख अच्छा लगा । दफ्तर जाने से पहले के वक्त में हरी हरी सब्ज़ियाँ फूल और मछली । उफ्फ । मारक ।

नेशनल वुड क्राफ़्ट ऐसा कुछ नाम था इस दुकान का । संस्थापक बनर्जी साहब के नहीं रहने पर उनके इकलौता पुत्र ने पिताजी की कुर्सी पर उनकी तस्वीर रख दी है । भरत के खड़ाऊँ इफैक्ट । 

किन्नरी ब्यूटी पार्लर । अच्छा लगा यह नाम । हो सकता है कि इसका कुछ और मतलब हो लेकिन आम लोग किन्नर का जो मतलब समझते हैं उस लिहाज़ से ये नाम ज़्यादा समावेशी लगा । लेडीज़ ब्यूटी पार्लर है । एक पाठक ने बताया कि किन्नरी गुजराती लड़कियों के नाम होते हैं तो निश्चित रूप से ये किसी गुजराती की दुकान होगी । फिर भी जो यह नहीं जानते होंगे वो इस नाम को देख कर मेरी तरह ही चौंकेंगे । 

श्रीनी के इस्तीफ़े की फ़िरनी

प्यारे श्रीनी, 

तुम इस्तीफ़ा मत देना । कोई  माँगे या किसी से मँगवाया जाए तुम अडिग रहना । तुम इस्तीफ़ा नहीं देते हुए ही क्यूट लगते हो । माँगने वाले पत्रकारों को भगाते हुए कूल । तुम टीवी में काफी आते जाते दिखते हो । कभी कोलकाता कभी मुंबई कभी चेन्नई ।  ये भी मुझे अच्छा लगा कि तुम्हें शर्म भी नहीं आती । अपना प्लेन है घूमो जेतना मन करे । तुम नहीं भाग रहे जो तुम पर आरोप लगा रहे हैं वो भागे भागे फिर रहे हैं । 

आरोप ही तो लगे हैं । बहुत हो चुका आरोपों पर इस्तीफ़ा देना । तुमने आरोपों को उनकी औकात दिखा दी है । जो तुम्हारे साथी हैं वे सब दलों के दलदल से आये हैं जहाँ हर आरोप प्रत्यारोप है । आरोप तटस्थ नहीं होता । एक आरोप के बदले या तो दूसरे आरोप का जन्म होता है या पहले से ही हुआ होता है । आरोप मैच करने के लिए होते हैं । इस्तीफा देने के लिए नहीं । उन दलों पर कितने आरोप है । क्या वे अपने दलों से 'सेट असाइड'हो गए हैं । बल्कि यही तुम्हारा योगदान है । तुमने 'सेट असाइड' होने की नवीन परंपरा की बुनियाद नहीं पड़ने दी । 'सेट'करने की यह कौन सी 'असाइड प्रथा ' है या तो डाउन हो जाइये स्टेप के साथ या डटे रहिये स्टेप पर । 

पवार तुमसे इस्तीफ़ा माँगे और तुम दे दो । ना श्रीनी ना । राजीव शुक्ला और अरुण जेटली के कहने पर इस्तीफ़ा । ना श्रीनी ना । मत देना । अख़बार और टीवी मत पढ़ो जिसमें तुम्हारे बारे में हर दिन अनाप शनाप लिखा होता है । तुम्हारे दामाद ने ऐसा क्या गुनाह कर लिया । इस्तीफ़ा माँगने वाले को शोले दिखाओ । अरे मौसी जी लड़का शरीफ़ है बस ज़रा कभी शराब तो कभी जुआ और कभी की तो । ख़ैर । क्या ये लोग धर्मराज युधिष्ठिर से इस्तीफ़ा माँगेंगे । जब जुआ खेलते हुए युधिष्ठिर धर्मराज हो सकते हैं तो  तुम अपने दामाद के सटोरिये होने पर बीसीसीआई प्रेसिडेंट क्यों नहीं हो सकते । ठीक है कि महाभारत काल में सटोरिया नहीं था । अब जुआड़ी भी तो उस लेवल के नहीं रहे जो राज्य से लेकर बीबी दांव पर लगा दें  तो परंपरा बचाने के नाम पर कुछ क्षुद्र परंपराओं की खोज तो करनी पड़ेगी न । वही काम तुम्हारे दामाद और बुकीज़ ने किया है । 'हाऊ फ़नी '!  तुमने दामाद को करोड़ों यूँ ही दे दिया होता तो वो लाख वाख का सट्टा नहीं खेलता । नालायक । ठीक किया उसे नौकरी पर रखा । प्रिंसिपल बनाकर । एकदिन स्कूल का पर्चा ही ग़ायब कर देना और कहना कि जब स्कूल यहाँ बना ही नहीं था तो ये नालायक प्रिंसिपल कैसे हो गया । 

अच्छा किया है तुमने 'स्टेप असाइड' की मांग करने वाले दुर्योधनों की बात नहीं मानी । यहाँ जनता ही धृतराष्ट्र है । आंख ही नहीं उसकी 'मेमरी' भी तो  गायब है रे । उसे कुछ नहीं दिख रहा इसीलिए लोकलाज की चिंता मत करो । याद भी नहीं रहेगा । इस्तीफ़ा मत दो । मैं जानता हूँ कोई तुम्हारे साथ नहीं है । पब्लिक में सब विरोधी हैं । प्राइवेट के साथी हैं । पर मुझे तुम्हारी औकात पसंद आई । किसी की मज़ाल नहीं हुई कि सीधे इस्तीफ़ा माँगे । वो तो टाइम्स आफ़ इंडिया का कमाल था कि सब पोज़िशन लेने लगे तुम्हारी पोज़िशन की 'कौस्ट' पर । पर चिंता मत करना । श्रीनी तुम डटे रहो । हिमाद्री तुंग श्रृंग से टाइप की कविता पढ़ते रहो । 

जो लोग तुमसे इस्तीफ़ा मांग रहे हैं उनकी नैतिकता किस स्कूल से प्रमाणित है । आजकल सब यही कर रहे हैं । तुमने न देने की मनमोहनी परंपरा को मज़बूत किया है । इस्तीफा न देने की । तुम अकेले क्यों शर्मिंदा हो । धोनी की अच्छी हालत की तुमने । हज़ारों करोड़ों कमा चुकने वाला यह ब्रांड बिना ज़ुबान के लग रहा था । हम सोचते थे कि इत्ता पैसा कमा लेंगे तब खुलकर दाँव पर लगाकर बोलेंगे । सबके ख़िलाफ़ बोलेंगे ।  इस मामले में मेरे जैसे प्लानिंग कर टाइम निकाल कर बोलने वालों को तुमने रास्ता दिखाया है । जब सचिन धोनी जैसे अमीर और पूजे जाने वाले खिलाड़ी मौन रहकर सम्मानित हैं तो हम और तुम क्यों नहीं । है न श्रीनी । पता चला न कि ये देश के लिए नहीं क्लब के लिए खेलते हैं । क्लब का बाॅस कौन ? भिखू म्हात्रे कि श्रीनी ! 

दरअसल तुमने एक कमाल किया है । इस्तीफ़ा न देकर बाक़ी सबको इस्तीफ़ा देने लायक बना दिया है । वही ऐसी एक्टिंग कर रहे हैं जैसे इस्तीफ़ा उन्हीं से मांग लिया गया हो । तुम्हारे टीके में जो भभूत हैं उसी से भस्म हो जायेंगे सब नालायक । 

श्रीनी ओ प्यारे श्रीनी, देखना मेरे इस पब्लिक सपोर्ट के बदले कोई जगह हो तो । इस्तीफ़ा न देकर तुमने जो नैतिकता के नए मानदंड स्थापित किये हैं उससे प्रभावित हुए बिना नहीं रहा गया यार । मत देना । भगवान क्या हर माँगने वाले भक्त को दे देता है जो तुम इस्तीफ़ा दे दोगे । तुम्हारे इस्तीफे की सब फ़िरनी  बनाने के चक्कर में हैं । रसगुल्ला खिलाकर भगाओ सबको । 

तुम्हारा एक प्रशंसक रवीश कुमार । 


दोपहर, बारिश और कोलकाता का एक मोहल्ला

खिड़की से बारिश को देखे ज़माना हो गया । ज़माना तो अब टीवी में बारिश को देखता है । जो गर्मी से राहत  से शुरू होकर ट्रैफ़िक जाम और जलजमाव के आफ़त में बदल जाती है । अगले दिन बारिश में भींगती युवतियों की तस्वीरों से भरे अख़बार ( पहले भी बारिश की इन युवतियों पर लिख चुका हूँ ) । सबके अपने अपने मेघदूतम हैं । कालिदासों ने मिलकर बारिश का बेड़ागर्क कर रखा है । संवेदनाएँ भी फार्मेटेड खांचाबद्ध हो गई हैं । 


तो कोलकाता के अपने घर की खिड़की से बारिश की बूँदों को देखता रहा । पेड़ों की हरियाली और पेड़ों के नीचे घासफूस की मौज । याद नहीं गर्मी के बाद स्कूल खुलने पर मैदान कितने हरे भरे लगते थे । फ्लोरा-फोना । नज़दीक़ जाकर देखा तो सब के सब बावरे लगे । 


सड़कें भीग कर अलसा़़यी सी । ख़ाली सड़क है मगर बारिश से भरी हुई । छींटें उड़ती है । पतलून और साड़ी बचाये जाते हैं । चाय की तलब बढ़ जाती है । 


चलता रहता हूँ । एक गली की तरफ़ । कुछ लड़के लुडो खेल रहे हैं । काम से आराम का समय है । सब कुछ क्रिकेट या फ़ुटबॉल नहीं है यहाँ । कैरम और लुडो भी है । बिना टीवी और ब्रांड खिलाड़ी के । 


कोलकाता के मोहल्लों में हर दोपहर रविवार का नज़ारा होता है । ख़ाली सा । दिन का कोई तो वक्त ख़ाली होना चाहिए । काम करने वाले ज़िंदगी की शर्त पूरी करने जा चुके हैं । सड़कों पर कभी कभी छाता लिये माएँ दिखती है अपने बच्चों को ट्यूशन ले जाते हुए । ख़ाली सड़क पर भी रिक्शावाला हार्न बजा देता है । 


बारिश से उमंग है लेकिन यहाँ अलग अलग नलों पर दो बाल्टियों ने अपनी पोज़िशन ले ली है । हम भी तो ऐसे ही इंतज़ार करते हैं । पानी का । बारिश का । 

नो टीवी डे , इ का है बे

हमारे इनबॉक्स में मेलर आते रहते हैं । इसके ज़रिये लोग अपने कबाड़ टीवी कार्यक्रमों या ग़ैर मीडिया इवेंट की जानकारी देते रहते हैं । मेलर सबसे अनुपयोगी प्रचार तंत्र है और संचार क्षेत्र मे लगे लोगों को व्यक्तिगत रूप से भेजा जाता है । ख़ैर मुद्दा ये नहीं है । 

तो क्या है । वो ये है कि हिंदुस्तान टाइम्स एक नया डे निकाल लाया है । नो टीवी डे । टीवी कम देखिये या मत देखिये की वकालत तो मैं भी करता रहा हूँ । ट्विटर के उन दिनों में और टीवी शो के दौरान भी । किसी ने सुना नहीं वर्ना तो जो है वो चली जाती । ख़ैर । टीवी सचमुच तंग करने लगा है । मैं तो पूरे महीने में इतना कम देखता हूँ कि आप यक़ीन नहीं करेंगे । तो मेलर के अनुसार हिन्दुस्तान टाइम्स एक जून को मुंबई में नो टीवी डे मनवा रहा है । मनाया जाना ठीक नहीं क्योंकि ऐसे इवेंट हम मानते नहीं बल्कि तरह तरह के प्रलोभनों के ज़रिये हमसे मनवाया जाता है । 

तो फ़्री के पास मिलेंगे और कई लोग यूँ भी जमा होंगे और नो टीवी डे मनवा दिया जाएगा । अच्छा क़दम है । टीवी में रहते हुए फ़ुल सपोर्ट । एक दिन नो पेपर डे भी मनवाया जाना चाहिए जिसमें हम पेपर के टायलेट पेपर बन जाने से मुक्ति का आह्वान कर सके । कूड़ा पढ़ने से अच्छा है शहर को देखो । टीवी के कारण हमारी शाम खराब हो रही है वैसे ही पेपर के कारण सुबह । अखबार में आधा घंटा लगाने से अच्छा है टहल आइये । पेपर मे भी बुराई है । वहां कोई दैनिक स्वर्ण युग नहीं छप रहा है । तुलनात्मक रूप से ज़रूर पेपर टीवी से बेहतर है । ख़ैर । ये तीसरा ख़ैर है । 

शहर तो देखना ही चाहिए । फादर्स मदर्स डे फ्रैंड्स डे  बिना बाप माँ दोस्त से मिले ही मनायें जा रहे थे क्या । लल्लुओं बिना इनसे मिले कार्ड किसको दे रहे थे ? पड़ोसी के डैडी को ? अब टीवी बंद कर इन तीनों से मिलने का डे आ रहा है । नो टीवी डे । 

इसदिन टीवी बंद कर आप मुंबई देखने के लिए घरों से निकलवाये जायेंगे तभी तो मनवाये जायेंगे । देख लीजिये कि एक जून को पूरी मंुबई टीवी बंद कर बाहर न निकल आए । फिर उसके बाद एक दिन कोई पेपर नो मुंबई डे मनवायेगा । शहर में न निकलने के लिए पास देगा कहेगा कि घर पर रहें और शहर को बचायें । नो मम्मी डे, नो हब्बी डे, नो वाइफी डे नो जीजू डे का भी स्कोप खुल रहा है । फ़्री का पास मिले तभी मनवाना वर्ना एकादशी द्वादशी क्या कम है हमारे पास । लेकिन एक बात तो है शहर में यूँ ही घूमना चाहिए । ज़रूरी है । 

हिमसागोर , अल्फांसों या जर्दालु

हिमसागर ना तो हिमसागोर । आम का नाम पूछा तो एक जनाब भावुक हो गए और गर को गोर कर दिया । बंगाल के लोग हिमसागर आम पर वैसे ही फ़िदा होते हैं जैसे महाराष्ट्र के लोग अतिप्रचारित परंतु एक साधारण आम अल्फांसों पर । हुलिया दोनों का एक सा है । स्वाद में अंतर है । हिमसागोर में पल्प ज़्यादा होता है तो मैंगोशेक बनाने के काम भी आता है । 

सफ़ेदा का अतिक्रमण इसी कारण से तो आम की तमाम क़िस्में पर हुआ है । मैं सफ़ेदा विरोधी हूँ । सफ़ेदा से इतनी नफ़रत है कि इसके कारण दिल्ली में मैंगोशेक पीना छोड़ दिया । जो लोग सफ़ेदा को आम समझ कर खाते या पीते है मैं उन्हें अविकसित मानव मानता हूँ । हा हा । सही में मुझे लगता है कि कितने मूर्ख हैं । ख़ैर ऐसा छोटा सोचना 'मेरा हक़ डिपार्टमेंट' के तहत आता है और मैं सोच सकता हूँ । 

हिमसागोर हिम युग से है पता नहीं । पर सागर किनारे के बंगाल में गर्मी के दिनों में कूल कूल फ़ील देने के कारण इसकी तुलना हिम से की गई होगी । 

हिमसागोर और अल्फांसों के बीच बिहार की एक किस्म मीलों पीछे रह जाती है । ये है जर्दालु आम । इसकी गमक का मुक़ाबला आम की कोई किस्म नहीं कर सकती । बेतिया भागलपुर साइड में जर्दालु होता है । अब क्या हालत है पता नहीं पर लंबे वक्त तक यह आम पटना की राजसत्ता के ख़ास कारिंदों के लिए विशेष उपहार होता था । लीची की तरह । कई लोग जर्दालु और लीची पटना के मंत्रियों और अफ़सरों को पहुँचाते रहते हैं । गिफ़्ट आइटम के रूप में और जैसे हम न लायें तो आपके पास कोई दूसरा सूत्र भी नहीं कि इस क्वालिटी की लीची और आम के दर्शन हो जायें । जर्दालु इतना क्षणभंगुर होता है कि डाल से उतरते ही कुम्लाहने लगता है । इसीलिए लंबी दूरी तय नहीं कर पाता । 

नोट: इस लेख के कुछ दिनों बाद हिन्दुस्तान टाइम्स में पढ़ा कि बिहार सरकार लीची और ज़र्दालु आम राष्ट्रपति, सोनियां गांधी समेत दिल्ली के छह सौ वीआईपी को भेजने वाली है । भागलपुर से पटना और पटना से दिल्ली । ओबामा को भी भेजो रे । 

सत्तू की मिक्सी

पिछली बार कोलकाता आया था तो सड़कों पर सत्तू की मिक्सी दिख गई । सत्तू गाढ़ा होता है । पानी पड़ते ही भारी हो जाता है इसलिए उसे ठीक से घोलना पड़ता है । इस काम में हाथ पर बल पड़ता है और वक्त लगता है । पहली बार किसी ने इस काम का अर्ध मशीनीकरण करने की सोची और नतीजा आपके सामने । कोलकाता में सत्तू का एक ब्रांड ऐसी मशीन बाँटता है शायद किश्तों पर या मुफ़्त में ही । जैसे आइसक्रीम की कंपनी ठेला बाँटती है कुछ पैसे लेकर । 




लेकिन यह बदलाव ग़ज़ब का है । सत्तू के वर्ग उत्थान का लगता है । इससे पहले तसले में दाल मथने वाली लकड़ी की 'रही' से सत्तू के घोल को बारीक किया जाता था । आज भी यही होता है । पहली बार सत्तू का संबंध मशीन से होते देखा है । 
बड़े बुज़ुर्ग कहा करते थे कि सत्तू पौष्टिक के अलावा ग़रीब लोगों का व्यंजन है । आप गमछे में सत्तू रखिये तालाब या नदी की ऊपरी सतह से स्पर्श करा कर तुरंत सान दे । प्याज़ नमक के साथ कहीं भी खा लें । गैस और स्टोव के आगमन के पहले हर वक्त चूल्हा फूंकना मुश्किल था तो सत्तू देसी समाधान बनकर आया होगा । हम सब पीतल की थाली में चना या मकई का सतुआ सान कर खा लिया करते थे । इससे औरतें वक्त बेवक्त खाना बनाने के काम से बच पाती थीं । सत्तू तब भोजन था अब गैस भगाने का पाचक हो गया है । 

लेकिन सत्तू को जनउपभोग के स्तर पर लाने का यह आइडिया अच्छा लगा । ठेले पर सत्तू के कई ब्रांड रखे हुए थे । सुबह सुबह टैक्सी वाले सत्तू पीकर काम पर । सत्तू पेट में देर तक ठहरता है । मशीन में घुलता देख उत्पाद में यक़ीन बढ़ जाता होगा । 

कोई सरकार चाहे तो यह मशीन जो दो हज़ार के क़रीब की है, ग़रीब लोगों में बाँट कर नाम कमा सकती है । दरअसल हमारे यहाँ तकनीक आयातीत है । उसका हमारी सामाजिक समस्याओं और उपभोग से कोई संबंध नहीं । इसीलिए आप देखेंगे कि जुगाड़ वाली गाड़ी, तरह तरह की ट्रैक्टर की टालियां इंनवर्टर दिख जायेंगे । वाशिंग मशीन में लस्सी बनती दिख जाएगी । सत्तू की मिक्सी भी देसी समाधान है ।