लाल राजधानी हरा बंगाल

बंगाल कितना हरा लगता है । लाल रंग की राजधानी जैसे ही आसनसोल पार करती है सबकुछ हरा होने लगता है । ताड़ के पेड़ किसी स्केच के कमाल लगते हैं । छोटी गायें और बकरियाँ और दीवारों पर लक्स कोज़ी के विज्ञापन । आसमान में बादल हैं और हवा पागल । घना हरा है बंगाल । दूर से किसी मोहल्ले में सिल्वर कलर के रबिन्द्रनाथ टैगोर की मूर्ति दिखी । मरे मरे से सरकारी स्कूलों के बीच तालाबों की श्रृंखला । कुछ जगहों पर मनरेगा के तहत तालाब की सफाई या खुदाई दिखी । सैंकड़ों मज़दूर जुटे हुए दिखे । मानसून लगता है बंगाल से आकर बंगाल में ही घूम कर चला जाता है । हम केरल ताकते रह जाते हैं । बंगाल का अपना लोकल मानसून है । केले के पेड़ क्या पीकर झुके जा रहे हैं । मोबाइल टावर काक तड़ुआ हो गए है ( स्केयर क्रो) । दुनिया से कटे ये गाँव नेटवर्क में हैं । 

मकानों की चमक उतर रही है । मकान अब पीढ़ियों के स्थाई पते नहीं रहे । अस्थायी हो गए हैं । कोई इन्हें छोड़ गया है । गुलाबी और पीले मकानों की तादाद ज़्यादा है । बैंगनी रंग का एक मकान बेहद ख़ूबसूरत लगा ।  कोच में स्टाफ़ तकिया कंबल  समेटने लगा है । बंगाल के खेतों में ट्रैक्टर की तादाद बढ़ गई लगती है । ट्रैक्टर का आना इस बात का सूचक है कि मज़दूर पलायन कर रहे हैं । कुछ जगहों पर बैल से भी जुताई चल रही है । टिन की छत लग रही है और उसके ऊपर पुआल । बंगाल में झोपड़ियां बची हैं । बिहार पूर्वी यूपी की तरह । बंगाल में अर्धशहरीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है । बिहार की तरह ग्रामीण लगता है । नेनुआ की खेती नज़र आ रही है । डैड अपने किड्स के साथ फिर से सैमसंग गैलेक्सी में घुस गए हैं । चेराग्राम शक्तिगढ़, धनियाखाली, बलरामबाटी जैसे हाल्टों से गुज़रती हुई राजधानी कस्बाई होने लगी है । महानगर से महानगर के बीच दौड़ है इसकी । बादल घने हो रहे हैं । मौसम अच्छा है । राजधानी में वाई फ़ाई ठीक है । उसी का लाभ उठा कर चलित ब्लागिंग की । 

राजधानी एक्सप्रेस: रात और रेल

रेल चल रही है । रात भी चल रही है । रेल और रात साथ साथ चल रहे हैं । साथ में एक तीसरा भी है । हिन्दी सिनेमा का गाना । "दो पल रूका ख़्वाबों का कारवाँ और फिर चल दिये तुम कहाँ हम कहाँ ।" वीर ज़ारा का गाना बजा जा रहा है । इस गाने की भव्यता में खो जाता हूँ । वायलीन की धुन भीतर तक गाने की लकीर खींच देती  है । 

कई तरह की आवाज़ें हमसफ़र है । गहरी नींद में कुछ लोग चले जा रहे हैं । इतने सारे लोग पहुँच रहे हैं । धनबाद, आसनसोल, हावड़ा । मैं यश जी के इस गाने में चल रहा हूँ । 

तुम थे कि थी कोई उजली किरण 
तुम थे कि कोई कली मुस्काई 
तुम थे कि था कोई फूल खिला

रात आवाज़ों को सुनने की सबसे मुकम्मल घड़ी है । पटरी और पहिये की आवाज़ को सुनने ही लगा था कि मदन मोहन का संगीत । " एक भटके हुए राही को कारवाँ मिल गया तुम जो मिल गये हो तो ये लगता है कि जहाँ मिल गया ।" बहुत तमन्ना है कि हिन्दी सिनेमा के तमाम पलों को अपनी ज़िंदगी में जी जायें । ऐसी ही किसी बारिश और गरजते बादलों की रात हो और नवीन निश्चल की तरह कार घुमाते गाते निकल जाये । " क़िस्मत से मिल गए हो मिलके जुदा न हो । मेरी क्या ख़ता है, होता है ये भी, कि ज़मीं से कभी आसमां मिल गया ।" इस गाने का संगीत और मौसम । उफ्फ । रेल तुम मुझे लेके कहाँ जा रही हो । 

जैसों पहिये ने अचानक तेज़ हुई धुन को सुन ली है । रफ़्तार तेज़ हो गई है । इस गाने में मदन मोहन भी बादलों को सुनकर बेकाबू हो जाते हैं । बारिश की वो यादगार रात थी । भीतर कोच की चरचराहट सुनाई दे रही है । ऐसा लगता है कोच के पोर-पोर से दरकने की आवाज़ आ रही है । रात जा रही है । रेल जा रही है । रात और रेल साथ साथ जा रहे हैं । खूब सारी बातें करते हुए । मस्ती में झूलते हुए । बोगी झूमती है और पटरी संभालती है । ऐसा साथ मिला क्या आपको कभी । मुझे हासिल है । 

चलती रेल से ब्लाग लिखने का आनंद उठा रहा हूँ । जाने कौन सा गाँव और क़स्बा अभी अभी गुज़रा है ।
कोच के भीतर रात जाग रही है, सबको सुलाकर मेरे साथ । फिर कोई नया गाना बज रहा है । मधुबन में जो कन्हैया किसी गोपी से मिले राधा कैसे न जले ये गाना भी लाजवाब है । किस लिये राधा जले, किस लिये राधा जले । उफ्फ ये रात और बात । ऐ जाते हुए लम्हों ज़रा ठहरो...मैं कहीं भी रहूँ ऐ सनम...मुझकों है ज़िंदगी की क़सम, फ़ासले आते जाते रहें, प्यार लेकिन नहीं होगा कम । बार्डर के इस गाने की यह लाइन रूला देती है । सही में रो़या था । वर्दी पहनकर कभी सीमा की तरफ कदम बढ़ाइयेगा ये गाना ज़िंदगी देगा । सिनेमा की समीक्षा सब करते हैं और गीतकार और गानों की कोई नहीं । हमसफ़र कौन है । सिनेमा या संगीत । 

ओह राजधानी एक्सप्रेस, तुम क्लासिक हो । तुम रफ़्तार हो । तुम रेल नहीं मेरे साथ गुज़र रही एक अच्छी रात हो । 

राजधानी के भीतर का खाना और डैडी

कुछ पापा लोग अफ़्रीका से बैरिस्टर बनके आए लगते हैं । ये लुंगी धोती वाले बाबूजी नहीं है । हाफ़ पैंट पहनने वाले डैडी हैं जिनकी टी शर्ट पर अफ़्रीकी बानर बना हुआ है । ये डैडी लोग ट्रेन चलते ही किड्स के साथ सैमसंग गैलेक्सी पर गाना सुनने लगे हैं । एक किड आई पैड लेकर मम्मा से लड़िया रहा है । एंग्री बर्ड मम्मा खेल नहीं पा रही है । ट्रेन का सैंडविच नहीं खाया सब । मैक्डी का बर्गर निकाल चांपने लगा है । जैसे ही गाना बजता है किड्स रौक करने लगते हैं । डैडी का तोंद पहले से ही हिल रहा होता है । डैडी तोंद को सहलाते हुए टाँग फैलाने लगते है तभी एक फ़ोन बजता है और वे इंगलिस बोलने लगते हैं । इंडिया के पब्लिक ट्रांसपोर्ट को कंडेम करने लगते हैं । मम्मा शट अप बोलने लगी हैं । चेहरे की झुर्रियाँ बता रही हैं कि पैंतालीस साल में ही कारपोरेट सक्सेस ने डैडी को पचपन का बना दिया है । भला हो हाफ़ पैंट और टी शर्ट का कि पैंतालीस का लुक आ रहा है । 

सूप पी रहे हैं सब । सूप उनके नए क्लास से मैच करता है । पूरा जीवन बिना सूप के जीया । मुझे तो लगता है कि सूप सिर्फ होटल और बारात का तरल व्यंजन है ।  ब्रैड स्टीक तो भाई घर में देखा न बारात में । प्लेन और ट्रेन का खाना थोड़ी देर के लिए आपको नए वर्गानुभव में रूपांतरित कर देता है । आप अचानक वैसे खाने लगते हैं जैसे आप किसी सिनेमा में लड़की के बाप को खाते देखते हैं जिसमें खाना कम बर्तन की आवाज़ ज़्यादा होती है । ब्रैड स्टीक पर लिखा है गुड फूड गुड ट्रैवेल । जिस लघु ट्रे में स्टीक और सूप आये हैं उसमें एक काग़ज़ का टुकड़ा बिछा है । लिखा है कृपया बख़्शीश न दें । हाँ भाई बख़्शीश पर भी पहरा लगा दो । 

कुछ यंग भी हैं जो लैपटॉप लेकर सिल्लीकन भैली से कनेक्टेड हैं । उनके कान हेडफ़ोन से बंद है और भीतर जैक्सन के तड़पने की आवाज़ गूँज रही है । इसी बीच एक जनाब ने अपनी अटैची चेन से बाँध दी हैं । वे आश्वस्त नज़र आ रहे हैं । फ़ोन बजता है और ऊँ जय जगदीश हरे की आरती चालू । 

राजधानी की खिड़की से

राजधानी भागी जा रही है । हरे भरे खेत के बीच लाल लाल ईंट की बनी दीवारें और मकान दिख रहे हैं । हर यात्रा में ऐसे मकानों की संख्या बढ़ी हुई लगती है । मकान पर मकान बन रहे है । कच्चे मकान तो जैसे ग़ायब ही हो गए हैं । मकानों की हालत देख कर लगता है कि हर मकान के बनने में कई साल लगे है । बहुत कम मकानों की दीवारों पर पलस्तर है । शहर कमाने गए और स्थानीय स्तर पर कमाए गए पैसों को जोड़ कर ये अधूरे मकान बने हैं । अर्धशहरीकरण कह सकते हैं आप । मुकम्मल मकान नहीं है मगर छत पक्की है । टीवी इस भारत को नहीं दिखाता है । कहीं कुछ तो हैं इन सुर्ख मकानों में कि इनसे गहरी उदासी झलकती है । 

ख़ाली खेतों में लड़के देसी क्रिकेट खेल रहे हैं । उनकी पतलून अब धीरे धीरे रेडिमेड हो रही है । महानगर से बाहर शाम बची हुई है । बाग़ीचों तक में क्रिकेट की टीमें जुटी हुई हैं । खेती और क्रिकेट ये दो ग्रामीण पेशा हैं । नई बात कुछ नहीं कह रहा । बड़ी संख्या में खेत ईंट भट्टों में बदल दिये गए हैं । प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की सड़कें खुरदरी भुरभुरी होकर बची हुई हैं । जिन पर लोग चल ही रहे हैं । गाँव के गाँव उजाड़ लग रहे हैं । शाम होते ही उदारीकरण की औकात दिख जाती है । जब बिजली कहीं भागी हुई नज़र आती है । 

हावड़ा राजधानी अपने आप को स्मार्ट समझती है । रफ़्तार और समृद्धि की प्रतीक राजधानी धीरे धीरे चमक खो रही है । सुविधायें वहीं है । स्टाफ़ भी शालीन पर राजधानी को राजधानी हुए अब कई साल भी तो हो गए हैं । स्टाफ वही खाना सालों से खिला रहे हैं । घर का खाना जैसा लगता है । एक ही मेन्यू । राजधानी मार्डन से क्लासिक हो गई है । फिर भी इतने भ्रष्टाचार की ख़बरों के बीच रेल का अपना सिस्टम ठीक ठाक ही चलता है । सब काम करते हैं । 

विचारों का टुकड़ीकरण : सोशल मीडिया

फ़ेसबुक सरसरा रहा था यानी स्क्रोल कर रहा था । सरसराना इसलिए लिखा कि बचपन में हम स्लोप का मतलब जानने के लिए कोश देखने नहीं गए थे बल्कि खुद से ही सरसरऊआ शब्द का इस्तमाल करने लगे थे । कहीं किसी से सुनकर । अस्सी के दशक तक बनने वाले सरकारी और ग़ैर सरकारी घरों में दरवाज़े के सामने स्लोप होता था जो बाद में विलुप्त हो गया । तब आइडिया ये होगा कि इसके सहारे स्कूटर या सायकिल घर के भीतर लाया जा सके । तब तक स्कूटर को ड्राईंगरूम में ही पार्क करने का रिवाज बन गया था । सायकिल ड्राइंग रूम से होते हुए आँगन में । अब स्कूटर भी बाहर पार्क होता है । स्लोप ग़ायब है और चबूतरा जिस पर बैठ कर बातें होती थीं टूट चुका है । 

तो फ़ेसबुक को सरसराते हुए पाया कि कई लोग सोच परिवर्तन के काम में लगे हैं । कई लोग उन्हीं के स्टेटस के नीचे सामान बेच रहे हैं । मेरे पेज पर कोई नैना जैन हैं जो सत्रह हज़ार का रंगीन घाघरा बेच रही हैं । वैसे ख़ूबसूरत है । नैना जी बिना किराया दिये हमारे पेज के बैठकखाने में अपना घाघरा टांग गई हैं । फ्री में वो भी अनटचेबुल । कहीं कैंडी क्रश तो कहीं क्लियर ट्रीप वाला विज्ञापन ठेले हुए हैं । बाज़ार तो हमारे जीवन का अंग रहा ही है लेकिन जीवन बाज़ार हो जाए ऐसा कब रहा । हमारी सोच का विस्तार बाज़ार से घुलमिल गया है । ज़रा सोचिये कि घर में चार लोग बात कर रहे हों और एक बैग से घाघरा निकाल कर दिखा दे । दूसरा सेविंग क्रीम तो तीसरा जूता और कहे कि ब्रेक है यहाँ भी । जैसे बात को बीच में रोककर हम बिस्कुट खाने लगते हैं और ऐश ट्रे खोजने लगते हैं । हम सब किसी न किसी उत्पाद के एजेंट बन जायें और घर आए मेहमान को कंपनी का डमी उत्पाद दिखाने लगे । बाज़ार के स्पेस से हम बाहर नहीं रहे । हमारा मन बाज़ार में चलता है । 

दूसरी तरफ इस पन्ना(पेज) मार्केट में कई लोग सोच परिवर्तन में लगे हैं । हर घटना पर पचास एंगल है । इतने एंगल हो जा रहे हैं कि घटना ही बिला जा रही है । पर यह काम भी तो ज़रूरी है । लेकिन अपने अपने घर में तो हम फ़ेसबुक से पहले भी यही कर रहे थे । एक आदमी लेक्चर दे रहा है और ड्राईंगरूम में पाँच आदमी सर हिला रहे हैं । दो आदमी बात काट रहे हैं । चाय पर चाय चल रही है । बीच में चौकी या आसन पर बैठा मुख्य वक़्ता झाड़ा फिरने चला जाता है तो मौक़ा पाकर कई लोग मुख्य वक़्ता बनने लगते हैं । नई सामूहिक चेतना क्या बन रही है । मैं इस सवाल से क्यों टकराने लगा हूँ । क्यों अब स्टेटस पर कुछ लिखा हुआ देखकर घिसा हुआ लगता है । पर बात है कि करे क्या आदमी । बात करना भी तो ज़रूरी है लेकिन ये सारी बातें रूटीन सी क्यों लगती हैं । कई बार लगता है कि सहमति और असहमति गुटों में बँटकर बंटाधार हो गए हैं । 

ब्लाग ट्वीटर और फ़ेसबुक । हमारे अवचेतन का सार्वजनिक मंच । हर बात कहने की होड़ में मौन दाँव पर है । सोच परिवर्तन एक सीमित दायरे में हो रहा है । कई लोग एक ही फार्मेट में सभी घटनाओं को फ़िट कर रहे हैं । आलोचना या जागरूकता भी उसी तमाशे का हिस्सा लगने लगती है । इनदिनों ऐसी ही मानसिक अवस्था से गुज़र रहा हूँ । ख़ालीपन का अहसास भयानक है । हम क्यों अपना वक्त बर्बाद कर रहे हैं या इस बर्बादी का लिखित दस्तावेज आने वाले समय को सौंप कर जा रहे हैं । हर मुद्दे पर तुरंत लिख मारने की बौद्धिकता के प्रदर्शन की यह बीमारी हमें जागरूक और साहसिक होने का अहसास तो देती है पर क्या हम अपनी बातों का मट्ठा नहीं बना रहे हैं ।  चुप रहने से तो यही अच्छा है । 

कई बार लगता है कि फ़ेसबुक और ट्विटर ने विचारों को एक फार्मेट में ढालकर कतारबद्ध कर दिया है । सारे विचार एक ही मात्रा और लंबाई में सेना की क़तार में खड़े हैं और किसी घटना के आदेश मिलने पर क़दमताल करने लगते हैं । जहाँ पता नहीं चलता कि कौन सर पटक रहा है और कौन पाँव । बस परेड शानदार लगती है । कई बार इस लिहाज़ से भी बातें अच्छी लगती हैं । क़दमताल करती अभिव्यक्तियाँ भाती हैं लेकिन कई लोगों को लगातार पढ़ने और पसंद करने के बाद ऐसा लगता है कि वे अपने कुएँ में घूम रहे हैं ।कुछ नया पढ़ा नहीं और कुछ नया देखा नहीं अपितु हरपल निंदनीय टीवी को देखकर व्याकुलता झाड़ दी । बतंगड़ी सामाजिक अभिव्यक्ति है । हमारी ज़्यादातर बातों का टेकआफ प्वाइंट टीवी का कोई घटिया शो है और किसी नेता की करतूत । एकदम गाँव की चचेरा भौजाई की तरह रेडिमेड टापिक । हर बात में उसी को लसारे रहो । लसारे रहो का मतलब घसीटे रहो । करे भी तो क्या करे । 

क्या फ़ेसबुक ने विचारों का एकतरह से रेजिमेंटेशन किया है ? टुकड़ीकरण हिन्दी कैसी रहेगी ? सब अलग अलग वर्दी में । सेना भी तो लोकतंत्र का अंग है । वो क्या लोकतांत्रिक स्पेस से अलग है ? फ़ेसबुक ट्विटर ने आपकी हर सोच को मूर्त रूप दिया है जिसके कारण आप एक सैंपल की तरह कई तरह की रणनीतियों की निगाह में हैं । बाज़ार और सियासत दोनों की । इसके कारण आंदोलन अचानक हुए हैं तो इसी के कारण उन्हें मैनेज करना भी आसान हुआ है । इसी टुकड़ीकरण के कारण पार्टियों के दफ्तर में आईटी सेल बन रहे हैं । परेड तैयार है बस उन्हें जैसे किसी कमांडर का इंतज़ार है । अभिव्यक्ति मैनेजमेंट लोकतंत्र की मान्यता प्राप्त गतिविधि है । बस क़दमताल का आदेश देना पड़ता है । 

मैं खुद ट्वीटर और फ़ेसबुक का क़ायल रहा हूँ बस इन मंचों को दूसरे नज़रिये से समझना चाहता हूं ।  इससे हमारी सामाजिक राजनीतिक अभिव्यक्तियाँ कैसे बदल रही हैं । मूल प्रश्न ये है । हम भले ही नए मंचों की शक्ति का गुणगान कर रहे हैं लेकिन क्या नहीं लगता है कि उन्हीं पुराने मुद्दों और दलीलों के मोह और खोह में फँसे हैं । ये हैं तो यही कहेंगे, यह भी सही है पर क्या कोई नया नज़रिया नहीं है । यह कैसे हो सकता है कि हमारी बातों का बुनियादी या आसमानी ढाँचा एक सा ही है । सारे पोज़िशन फिक्स हैं ।  राजनेताओं की तरह निंदा प्रशंसा जारी करने से हमारी समझ समृद्ध हो रही है या रूटीन होती जा रही है । फ़ेसबुक और ट्विटर नया है पर बातें भी नईं हैं क्या ? क्या सारी बातें साहसिक तरीके से कही जा रही हैं ? और जो लोग कह रहे हैं उन्हें लाइक करने के बाद बाक़ी कहाँ भाग जाते हैं । 

हमारे यहाँ शोध की परंपरा नहीं है । होती तो अभिव्यक्तियों के सामाजिक आचार व्यवहार पर कई अलग अलग तरीके के ठोस अध्ययन सामने आते । वक्त आ गया है कि थोड़ा डिटैच होकर इन अभिव्यक्तियों को समझें । ख़ासकर हिन्दी लोकजगत में ब्लाग फ़ेसबुक और ट्वीटर ने बदलाव भी किया है या पुरानी टूटी मेज़ की जगह नई मेज़ और माइक लगा दी गई है । जिस पर शारदा रेडियो एंड कंपनी की जगह फ़ेसबुक लिखा है । ये टाइमलाइन है या असेंबलीलाइन दोस्त । 

रागदरबारी का आईपीएल संस्करण

अगर किसी को शक है कि हिन्दुस्तान में भ्रष्टाचार एक लोकसंस्कृति नहीं है सिर्फ कुछ कुलीनों का आपसी बंदरबाँट है तो उसे कोलकाता के इडेन गार्डन में बैठे कई हज़ार दर्शकों के उल्लास को सुनना चाहिए । लाखों प्रिंट और घंटों कवरेज़ के धड़ाम से गिरने का इससे बड़ा प्रमाण क्या हो सकता है । हफ़्ते भर से चैनल और अख़बार नैतिक पोज़ीशन लेते रहे कि आईपीएल को बंद कर देना चाहिए, इंडियन एक्सप्रेस में शेखर गुप्ता ने लिखा कि मामूली बातों पर संसद नहीं चलती है मगर जेटली शुक्ला मोदी और पवार के बीच बीसीसीआई में मतभेद नहीं होता । टाइम्स नाउ, आज तक सहित कई चैनलों ने अभियान चलाया कि आईपीएल बंद होना चाहिए । क्रिकेट की कालिख से लेकर क्रिकेट के कलंक और दर्शकों के साथ धोखा जैसे नारे झपिंग झपाक झंपक झंपक हो गए । 

इस देश में आप भ्रष्ट होकर सामाजिक हो सकते हैं । अव्वल तो हर किसी की सामाजिक पृष्ठभूमि किसी न किसी रूप में इतनी भ्रष्ट तो होती ही है कि कोई भी आराम से किसी व्यक्ति की ईमानदारी को संदिग्ध बता सकता है । इसीलिए कहता हूँ कि भारत में भ्रष्टाचार की सामाजिक सहमति पहले हैं और राजनीतिक असहमति बाद मे और वो भी सीमित रूप में । ऊब जाते हैं तो कांग्रेस की जगह बीजेपी या बीजेपी की जगह कांग्रेस । इन दोनों की पूँछ पकड़ कर बाक़ी भी वैतरणी पार । 

इस तादाद में  लोगों का स्टेडियम आना क्या सिर्फ क्रिकेट के प्रति प्रेम है  या उन तमाम नारेबाज़ियों के प्रति तिरस्कार है जो आईपीएल को जुआ से लेकर अनैतिक क्रिकेट का जमावड़ा बता रही थीं । शर्म आ रही है स्टेडियम की गूँजती आवाज़ सुनकर । बल्कि उन्हीं चैनलों पर फ़ाइनल के टास से लेकर टीम के बारे में फ़्लैश भी चलने लगे है । 

आईपीएल प्रेमी नहीं हूँ । इस सीज़न का पहला मैच देखा था और अंतिम इसलिए देख रहा हूँ ताकि पता तो चले कि हम जिस भ्रष्टाचार को अनैतिक समझते हैं उसे पब्लिक किस नज़र से देखती है । क्या लोगों ने क्रिकेट को क़सीनो में बदलने का स्वागत किया है ? आख़िर आज के उत्साह का सामाजिक मनोवैज्ञानिक विश्लेषण कैसे किया जाए । बदनाम आईपीएल के कारण पेप्सी की ब्रांड चिन्ता की तमाम ख़बरें पत्रकारीय अय्याशी के अलावा कुछ नहीं लग रहीं । हो सकता है ये मेरी अतिप्रतिक्रिया हो । 

हम सबसे अच्छी समझ श्रीनिवासन की निकली । तमाम टेलीविजनीय नारेबाज़ी के बीच आकर कह दिया कि कुछ इस्तीफ़ा विस्ताफा नहीं दूँगा । कर लो जो करना है । भ्रष्टाचार सिर्फ पकड़े जाने पर मुद्दा है । किये जाने तक कोई मुद्दा नहीं है । मैक्स के एंकर ऐसे सजकर आये हैं जैसे कुछ हुआ ही नहीं । ऐसा लगता है कि लोगों ने मीडिया की नारेबाज़ियों और रिपोर्टिंग को ही झूठा क़रार दे दिया है । मैच शुरू हो चुका है । आज के मैच पर कोई क्रिकेटप्रेमी फेसबुकीय विश्लेषण से आगे जाकर टिपप्णी करे तो तो देखना चाहूँगा कि कैसे हम इतनी आसानी से खेल के प्रेम और खेल में भ्रष्टाचार को अलग कर लेते हैं । अगले हफ़्ते एक आँकड़ा ये भी आएगा कि आईपीएल फ़ाइनल को इस बार सबसे अधिक दर्शकों ने देखा और इसे बंद कराने वाले अभियानी चैनलों को भी खूब टीआरपी मिली । अंत में तमाशा ही जीता । मीडिया तमाशा है ।  

और हाँ अगर धोनी जीत गए तो वही मीडिया इनके क़सीदे भी पढ़ेगा कि इतने विवाद के बीच मिस्टर कूल ने टीम को संभाले रखा । ये होती है लीडरशिप  । फिर धोनी आईआईएम और हावर्ड में लेक्चर भी देंगे । सीएसके को आईपीएल से बाहर की मांग करने वाले लोग बेटिंग को विधिसम्मत बनाने की बहस में खो जायेंगे । आप देख रहे थे रागदरबारी का आईपीएल संस्करण । सब हो रहा है जैसे सब होने के लिए निर्धारित है । सब अपने अपने हिस्से में हुआ जा रहा है । सत्य न विजयी है न झूठ पराजित । तमाशा है और तमाशा दोनों का होता है । सत्य का भी असत्य का भी । 

( ये छोटी सी निराशा थी जो साझा किया । स्टेटस लिखना अगर सामाजिक ज़िम्मेदारी है तो ये भी है ) 


लभ इन बर्लिन वाया रभीस कुमार


बर्लिन के कनाट प्लेस यानी अलेक्जेंद्रप्लात्ज की तरफ़ बढ़ते इस जोड़ी की घुड़चढ़ी देख मन पुलकित हो गया । हमारे साहित्य और मूर्तिकला में प्रेम चाहे जितना हो सार्वजनिक अभिव्यक्तियाँ कम हैं । हम ताकाझांकी खूब करते हैं । इस उम्र में अपनी दोस्त प्रेमिका अथवा पत्नी को पीठ पर लादे चला जा रहा यह प्रेमी कमाल का लगा । कोई शर्त लग गई होगी या दिल्लगी का इरादा कर लिया गया होगा । हमारे यहाँ के पति और प्रेमी अपनी पत्नी या प्रेमिका का पर्स ही उठा लें तो लाज के मारे नज़र दौड़ाने लगेंगे कि कोई दोस्त न देख ले । पीठ पर उठाने की बात तो दूर । हाँ नालायक सब होली मे ज़रूर उठाने का मौक़ा तलाशते रहते हैं । इसीलिए हमारे यहां ऐसे दृश्य की मान्यता सिर्फ श्रवण कुमार टाइप केस में मिली है । जैसा कि आप इस तस्वीर में देखेंगे कि कोई इनकी घुड़दौड़ ये हैरान नहीं है । एक मै ही बिहारी इन बर्लिन हूँ जो ऐसे पलों की तस्वीरें उतार रहा हू । बेहूदा नंबर वन कहीं का । 



ऐसा नहीं कि बर्लिन में सब अच्छा ही है । बेहद ख़ूबसूरत शहर में भी लड़कियों को रात अपनी करने के लिए सामूहिक दौड़ लगाना पड़ती है । दिन के स्पेस में औरतों को लेकर ऐसा कोई भेदभाव तो नज़र नहीं आया मगर एक अपार्टमेंट के कोने में लगे इस पोस्टर से दिमाग़ ठिठक गया । दिल्ली की याद आ गई । कुलमिलाकर औरतों की दो बड़ी समस्याएँ हैं । एक मर्द और दूसरी रात । 

कुछ मित्रों ने ताकीद की थी कि बर्लिन का बीयर चख के आ जाना । ऐसे जैसे गंगोत्री से बीयर निकलती हो । लेकिन शहर आया तो एक कोने में सुबह सुबह बोतल हाथ में लिये नशे में धुत एक लड़की को चीख़ते चिल्लाते और रोते देख मन दुखी हो गया । रात के नशे ने उसे दिन के उजाले में बिखेर दिया था । लोग बची हुई बीयर सड़क किनारे भिखारियों को दे जाते है । वे भी रात भर टुन्न । कई पोस्टर नज़र आए जो ड्राईवर शराब पीये था मोड में लगे थे । अपनी सीमा को जानों इन पोस्टरों का मूल भाव था । शराबखोरी वहाँ एक समस्या है । 


शहर के खंभों पर छोटे छोटे स्ट्रीकर चिपके मिले । मतलब तो समझा नहीं पर बर्लिन की गुप्त गलियों को क़िस्सों की झलक मिली । शहर की लोकसंस्कृति भी खूब फलफूल रही है । कुछ मज़ाहिया तो कुछ बंगाली बाबाओं टाइप स्ट्रीकर चिपके दिखे । यह स्ट्रीकर किसी प्ले का लगा । 

ये तस्वीर एक रेस्त्रां के दो दरवाज़ों की है । पता बताने के संकेतों को लेकर दुनिया इतनी प्रयोगधर्मी है जानकर अच्छा लगा । 



एक सुबह किसी फ़ोटोग्राफ़ी स्कूल के छात्र शहर की वास्तुकला को उतारते दिख गए । जिज्ञासावश निकट जाकर पूछा तो बताया कि ये एनालाग कैमरा है । छात्रों ने बताया कि  इमारतों की मुकम्मल तस्वीर लेने में इसका आज भी कोई सानी नहीं है । हमारे यहाँ काँठ के बक्से में यह कैमरा कचहरियों के बाहर दिखता है । तकनीकि कैसे कैसे चुपचाप लौट रही है । 


ऐसी आँखें तो होती नहीं मगर औरतों के लिए टोपी की इस दुकान में गर्दनकट यह प्रतिमा अच्छी लगी । अजीब भाव है । तमाम लड़कियाँ दोस्त हैं मगर किसी को ऐसे प्लास्टिक की तरह देखते नहीं देखा । ज़रा नज़रों से कह दो जी ये गाना गूँजने लगा ।

इसे देख अपने राजकपूर की याद आ गई । राजकपूर ने इतना रपेटा कि अब लगता है यही लोग राजकपूर की नक़ल कर रहे हैं । 


साइकिल का समाज

साइकिल पर बहुत पहले अपने पूर्व सहयोगी अनवर की कमाल की स्टोरी पढ़ी थी । यूरोप के किसी शहर से की गई थी । पब्लिक ट्रांसपोर्ट की संस्कृति में अनायास ही दिलचस्पी पैदा होती चली गई । हमने साइकिल सीखी साइकिल चलाने के लिए नहीं बल्कि दिखाने के लिए कि साइकिल के बाद जल्दी ही बाइक और उसके बाद कार चलायेंगे । साइकिल हमारे लिए कुंठा की सीढ़ी है जिससे आज़ाद होने के तरह तरह के सपने देखते रहते हैं । विज्ञापनों में कार सपना है साइकिल नहीं । इसीलिए हम बड़े होकर साइकिल नहीं चलाते । हमारे शहर साइकिल विहीन लगते हैं । फ़िल्मों ने ज़रूर शुरू में साइकिल को महिमामंडित किया( मैं चली मैं चली देखो प्यार की गली) 
( इस साइकिल को टेप से लपेट दिया गया है ताकि चोरी करने वाले को आसानी से हाथ न लगे । बीच सड़क पर कोई बाँध कर कहीं चला गया होगा) 

भारत में आज भी साइकिल सरकारी उपकार की योजनाओं, मेहनतकश लोगों के इस्तमाल में आती है । सरकारों ने साइकिलें बाँट दी लेकिन ये हमारी संस्कृति का हिस्सा बनी रह जाए इसके लिए सड़क पर कोई इंतज़ाम नहीं किया । हमारे शहर बनते चले गए । अपने आप होने वाली जैविक क्रियाओं की बदौलत । बहुत बाद में यूरोप घूमने वाले नेताओं और अफ़सरों ने वहाँ की सड़कों से साइकिल किराये की योजना तो ले आये लेकिन रोज़ाना अपने दफ्तर के पीछे देखता हूँ तमाम साइकिलें स्टैंड से बंधी लेरूआई हुई निढाल पड़ी हैं । शायद ही कोई चलाता है । 



बर्लिन में ऐसा नहीं दिखा । साइकिल उनके जीवन का हिस्सा है । साथ चल रहीं मानसी ने बताया कि यहाँ साइकिल पुलिस होती है । जो सुनिश्चित करती है कि साइकिल ट्रैक ख़ाली रहे उस पर कोई न जाए । साइकिल ट्रैक पूरी तरह से समतल और ग़ज़ब तरीके से मेट्रो और ट्राम से संयोजित । हिन्दुस्तान में बिना साइकिल को मेट्रो के कोच में लाने की अनुमति दिये कैसे मान सकते हैं कि इससे लोकपरिवहन जनसंस्कृति फैलेगी । आप आराम से साइकिल लेकर मेट्रो के एक ख़ास कोच में जा सकते हैं । ट्राम में चल सकते हैं । किसी को साइकिल से परेशान और शर्मिंदा होते नहीं देखा । हमारी तरह साइकिल का मतलब नहीं कि आप बाक़ी परिवहन की योजनाओं से काट दिये गए हैं । आपको सड़क पर जगह जगह साइकिल स्टैंड दिख जायेंगे । 








कुछ बातें और । बर्लिन में साइकिल वही नहीं चलाते जिनका सपना कार ख़रीदना है । वे भी चलाते हैं जिनके पास कार है । बड़ी तादाद में माँओं को साइकिल चलाते देखा । पीछे की सीट पर ऊँची बेबी
सीट पर बच्चे सीट बेल्ट से मज़बूती से बँधे हुए । साइकिल के आगे और पीछे नाना प्रकार से इस्तमाल होने वाले बेहतरीन बास्केट नज़र आए । ऐसा लग रहा था कि साइकिल उनके लिए फ़ैशन स्टेटमेंट है । वहां की साइकिलों को लेकर जो शोध और विकास की प्रक्रिया है उसके नतीजे में साइकिल में तरह तरह के गैजेट दिखते हैं । हमने भी किया है । कीचड़ के छींटे से बचने के लिए रबर के फ्लैप बनाए । वहां की साइकिलों में मडगार्ड के नीचे पांक रोकने वाला नहीं दिखा । खैर हम पहले फुटपाथ ही बना ले वही बहुत है । 



बर्लिन की एक बस

बर्लिन की सड़क पर यह बस दिख गई । रंग और रूप में इतनी ख़ूबसूरत लगी कि रहा नहीं गया । पूछताछ करने लगा और निहारने लगा । गाढ़ा पीला रंग और ह्रष्ट पुष्ट बस बाहर से किसी अमरीकी स्कूल बस की तरह दिखने का दावा कर रही थी । रेट्रो लुक । अंदर गया तो स्कूल बस के भेष में पार्टी बस नज़र आई । बार, डाँस फ़्लोर और चलती बस में पीने और यारबाज़ी का सारा इंतज़ाम । टूटी फूटी अंग्रेज़ी में जर्मन चालक ने बताया कि बस रात भर के लिए बुक होती है । रात भर पार्टी होती है । हम तो दिल्ली में बस, रात और पार्टी के नाम से ही सिहर जाते हैं लेकिन अच्छा लगा देखकर कि एक शहर को अपनी संस्कृति के निर्माण के लिए कितने जतन करने पड़ते हैं । सोच रहा था कि कोई ऐसा इंतज़ाम हमारे यहाँ भी करता । रात भर दोस्तों का मजमा,कुछ कविता कुछ फ़िल्में  और ढेर सारी बातें । फ़िलहाल इस बस को आप भी निहारिये । नंबर प्लेट के नीचे डब्ल्यू डब्ल्यू डाँट काम देख कर हैरान मत हो जाइयेगा । यही अब पता है और नंबर है । 









जनसत्ता से एक लेख


जनसत्ता में यह लेख छपा है । 
http://cache.epapr.in/118648/d0dd6441-9356-45d8-a7ae-e71bf9564961/full.png